यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन का दर्जा हासिल होने के बावजूद दर्जनभर ट्रेनें नॉन स्टॉप गुजर रही हैं। कई वर्षों से जारी इनके ठहराव की मांग पूरी न होने से जिले के लोगों को अंबाला/सहारनपुर की दौड़ लगानी पड़ रही है। इस बीच दैनिक यात्रियों व प्रवासी लोगों सहित कारोबारियों के अतिरिक्त धन व समय बर्बादी हो रही है। दैनिक यात्रियों व व्यापारिक संगठनों के संघर्ष के बाद भी रेलवे की ओर से ट्रेनों के ठहराव की मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। जबकि हर वर्ष रेलवे को यहां से करोड़ों का राजस्व प्राप्त होता है। दैनिक रेल यात्री संघ ने गुरुवार को सीएम विंडो के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेज यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी।
बता दें कि जिले में प्लाइवुड, मेटल व अन्य कारोबार से जुड़ी हजारों इकाइयां हैं। इनमें कार्यरत लाखों प्रवासी लोग उत्तरप्रदेश, बिहार व उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आकर जिले में बस गए हैं। इनका तीज-त्यौहार, विवाह व अन्य मौकों पर अपने घर आना-जाना रहता है। साथ लगते जिलों व राज्यों के हजारों छात्र-छात्राओं का शिक्षा ग्रहण करने जिले में आना-जाना रहता है वहीं, जिले से भी हजारों युवा बाहर पढ़ने जाते हैं। इसके अलावा नौकरीपेशा लोग जिले में आते व बाहर जाते हैं। उक्त सभी वर्ग ट्रेनों पर निर्भर हैं, किंतु जगाधरी व जिले में लगते अन्य छोटे स्टेशनों पर कम ट्रेनों के ठहराव के कारण उन्हें दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है।
सत्ता पक्ष के सभी विधायक व सांसद होने पर भी नहीं हुई मांग पूरी
दैनिक रेलयात्री संघ के संरक्षक नरेश कुमार ने सीएम विंडों में दी शिकायत में बताया कि जिले की सभी विधानसभा सीटों पर सत्ता पक्ष के विधायक है। वहीं अंबाला व कुरुक्षेत्र में भी सत्ता पक्ष के सांसद है। लेकिन बावजूद इसके यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा। इस मांग को लेकर सांसद रतन लाल कटारिया को भी कई बार ज्ञापन दे चुके है। पर्सनल रूप से भी कई बार मिल चुके है, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हुई।
बिना रुके निकल जाती हैं ये ट्रेनें
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन से अमृतसर-सियालदहा जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, अमृतसर-इंदौर जाने वाली अकालतख्त एक्सप्रेस, अमृतसर-बेगमपुरा एक्सप्रेस, चंडीगढ़-पाटलीपुत्र जाने वाली एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस, जम्मू-कानपुर, जम्मू-वाराणसी, जम्मू-आनंद विहार, जम्मू-राजेंद्र नगर, जम्मू-सोनपुर, अमृतसर-डिबरुगढ़, चंडीगढ़-डिबरुगढ़ आदि मुख्य दूरगामी अप व डाउन की ट्रेनें नहीं रुकती है। इन्हें पकडने के लिए यात्रियों को सहारनपुर-अंबाला जाना पड़ता है।
रोजाना 20 हजार यात्री करते ट्रेनों से सफर
ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे दैनिक रेल यात्री संघ के संरक्षक नरेश कुमार व विशाल भाटिया और मैढ़ सुनार परिषद् के प्रधान राजेश वर्मा, हरियाणा व्यापार मंडल सदस्य प्रवीन का कहना है कि यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन व जिले में लगते अन्य छोटे स्टेशनों से हर दिन करीब 20 हजार यात्री ट्रेनों से सफर करते हैं। इतने अधिक यात्रियों की आवाजाही होने के बावजूद जिले के प्रमुख जगाधरी स्टेशन पर करीब एक दर्जन ट्रेनें नॉन स्टॉप चल रही हैं, जिनके ठहराव की मांग कई वर्षों से की जा रही है। इन गाड़ियों को पकड़ने के लिए यात्रियों को अंबाला या सहारनपुर जाना पड़ता है। इसके अलावा कारोबारियों को माल भेजने व मंगवाने में अधिक धन व समय बर्बाद करनी पड़ रहा है।