एक व्यक्ति पर बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख हड़पने का आरोप लगाने वाली एक महिला ने सोमवार को एसपी कार्यालय में जहरीला पदार्थ निगलकर पहुंची। एसपी को शिकायत देने से पहले महिला कार्यालय के समक्ष गिर गई। गंभीर हालत में महिला को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया। महिला के बेटे का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसकी मां से उसे नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख हड़पे है। मामले में पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके चलते उसकी मां न जहरीला पदार्थ निगला।
पुराना हमीदा निवासी जयदीप सिंह ने बताया कि उसकी मां सुमन ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने के लिए जगाधरी निवासी एक व्यक्ति को पांच लाख रुपये दिए थे। उसकी मां ने उसे नौकरी दिलाने के लिए अपनी जमा पूंजी आरोपी को दे दी। लेकिन पैसे लेने के बाद भी उसने उसे नौकरी नहीं लगवाया। उन्होंने आरोपी से इस संबंध में कई बार बात की, लेकिन हर बार वह उन्हें आश्वासन देकर टरकाता रहा। जब पैसे वापस नहीं दिए तो उन्होंने उसकी शिकायत थाना शहर यमुना नगर के अंतर्गत हमीदा चौकी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। पुलिस को शिकायत देने के बाद कोई कार्रवाई न होने पर उसकी मां ने कुछ दिन पहले शिकायत एसपी को दी थी। लेकिन वहां पर शिकायत देने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। इससे उसकी मां परेशान थी। सोमवार को भी वे इसी मामले में एसपी को शिकायत देने पहुंचे थे। उसकी मां परेशान थी, लेकिन उसकी मां ने कब कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, इसके बारे में उसे नहीं पता। एसपी कार्यालय पर उनका नंबर आने पर जब उसकी मां व और वह एसपी से मिलने के लिए ऑफिस के अंदर जाने लगे तो उनकी मां वहीं पर गिर गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्वाईजन केस बताया। उसकी मां की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दो लाख जोड़ तीन लाख लिए थे उधार
जयदीप का कहना है कि उनकी मां ने उम्र भर दो लाख रुपये जोड़े थे और तीन लाख रुपये किसी से उधार लिए थे। तब जाकर पांच लाख रुपये एकत्रित हुए थे। आरोपी ने उसकी मां की उम्र भर की कमाई हड़प ली। वहीं पुलिस भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कार्रवाई करने की बजाय उलटा उन्हीं पर फैसला करने का दबाव पुलिस द्वारा बनाया जा रहा है। फैसले पर दबाव में साइन करा लिए। उसका कहना है कि पैसे हड़पने से ज्यादा उसकी मां पुलिस कार्यप्रणाली से परेशान है। इसी के चलते ही उसने कोई जहरीला पदार्थ निगला हैं।
जहरीला पदार्थ खाने वाली महिला से पैसे देने का रिकॉर्ड मांगा था, लेकिन उसके पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है। जिससे यह तय हो सके कि व्यक्ति ने उनसे नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों का समझौता भी हो चुका है। महिला ने खुद इकरार नामे पर साइन किए थे। अब पता नहीं महिला ने ऐसा क्यों किया। मामले की जांच की जा रही है।
- अजीत सिंह, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर