सिंचाई विभाग द्वारा तोड़ा जा रहा पश्चिमी यमुना नहर पर बना पुल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के यमुनानगर जिले में 133 साल पहले ब्रिटिश हुकूमत में बने बूड़िया के पास बीकेडी रोड पर पश्चिमी यमुना नहर का पुल सिंचाई विभाग ने ध्वस्त कर दिया। दशकों पुराना पुल पूरी तरह कंडम हो गया था और इस पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई थी। इसका प्रयोग पैदल व दोपहिया चालक जोखिम लेकर कर रहे थे। खस्ताहाल पुल कभी भी गिर सकता था, ऐसे में सिंचाई विभाग ने इसे जेसीबी से ढहा दिया।
बता दें कि क्षेत्र के दादुपुर हैड का निर्माण 133 साल पहले किया गया था। उस दौरान दादुपुर से रादौर तक कई पुल बनाए गए थे। समय के साथ कई पुल खस्ता हो गए थे, उन्हें गिराया जा चुका हैं। इनकी जगह नए पुल बना दिए गए हैं। सिंचाई विभाग के एक्सईएन विनोद कुमार ने बताया कि सुरक्षा दृष्टि से ये पुल ध्वस्त किया गया है।
यह भी पढ़ें : Haryana: चौटाला परिवार के युवराजों में नहीं होगी चुनाव की जंग, बिजली मंत्री के बेटे गगनदीप का नामांकन रद्द
ये पुल जर्जर हो चुका था। सुरक्षा को देखते हुए इस पुल पर आवाजाही पूर्णत: बंद कर दी गई थी। इसके बाद भी पैदल लोग और दोपहिया वाहन चालक इसका प्रयोग कर रहे थे। पुल पर विभाग की ओर से दोनों तरफ चेतावनी के बोर्ड भी लगाए गए थे। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल ध्वस्त करना जरूरी था।
दादुपुर से हमीदा हैड तक बनेगा चैनल
पश्चिमी यमुना नहर के साथ चैनल बनाने का काम चल रहा है। ये चैनल दादुपुर हैड से पुराना हमीदा हैड तक बनाया जाना है। सिंचाई विभाग के एक्सईएन विनोद कुमार ने बताया कि यमुना नहर के साथ चैनल बनाया जा रहा है। वहीं कुछ स्थानों पर पुलों का भी निर्माण करवाया जाना है। इसके चलते बूड़िया स्थित पुराना पुल तोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर के नजदीक स्थित यमुना नहर के पुराने कंडम हो चुके पुल को भी सुरक्षा की दृष्टि से तोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है।