मोमोज की दुकान में जोरदार धमाका
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के यमुनानगर के मॉडल टाउन में डोलमा मोमोज दुकान में सोमवार अलसुबह करीब तीन बजे जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के शटर के परखच्चे उड़ कर सड़क पार दीवार तक जा गिरे। वहीं, साथ वाली दुकान के भी शीशे टूट गए और दुकान की दीवारों में दरारें पड़ गई।
धमाके की आवाज सुनकर लोगों की नींद खुल गई और घरों से बाहर आ गए और दुकान मालिक विपिन को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में सामने आया कि सिलिंडर से रिसाव होने बंद दुकान में गैस का दबाव बनने से धमाका हुआ।
दुकान मालिक विपिन ने बताया कि रोज की तरह वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। अलसुबह करीब तीन बजे वह धमाके की सूचना मिलने पर दुकान पर पहुंचा तो दुकान के शटर के परखच्चे दूर तक बिखरा हुए थे। दुकान का सामान टूटा फूटा हुआ इधर उधर बिखरा हुआ था। अंदर रखे सिलिंडर के एक हिस्से में आग लगी हुई थी।
साथ वाली दुकान के टूटे शीशे, दीवारों में आई दरार
विपिन की दुकान के साथ में ही टेलर सुरेंद्र मोहन की दुकान है। मोमोज की दुकान में धमाका इतनी जोरदार हुआ कि सुरेंद्र मोहन की दुकान के शीशे भी टूट गए। दुकान के अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। दीवार में दरारें आ गई। इस घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत बनी रही। लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि आग सिलिंडर में नहीं लगी। यदि सिलिंडर में आग लगने से वह फटता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल अधिकारी नरेंद्र यादव का कहना है कि दुकान के अंदर रखे सिलिंडर की गैस लीक हुई थी। दुकान में कोई रोशनदान या खिड़की नहीं थी। बंद दुकान में गैस का दबाव बनने से विस्फोट हुआ है। लोगों से अपील है कि घर व दुकान को बंद करने से पहले सिलिंडर की अच्छी तरह से जांच कर लें कि वह लीक तो नहीं है। गैस सिलिंडर ऐसी जगह रखें, जहां पर रोशन दान या खिड़की हो, ताकि गैस रिसाव होने पर अंदर गैस का दबाव न बने।