प्रतापनगर। हथिनी कुंड बैराज में यमुना नदी का जलस्तर घटने से लोगों के साथ-साथ जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। रविवार शाम पांच बजे बैराज पर 59964 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया, जिसमें से 41144 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया। जलस्तर घटने के साथ ही सिंचाई विभाग ने नहरों में पानी की सप्लाई फिर से बहाल कर दी है।
बैराज से पश्चिमी यमुना नहर में 17010 क्यूसेक व उत्तर प्रदेश जा रही पूर्वी यमुना नहर में 1810 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शनिवार रात 12 बजे हथिनी कुंड बैराज पर अधिकतम 159135 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था। पहाड़ों व यमुना नदी के कैचमेंट एरिया में शनिवार को बारिश बंद होने से जलस्तर लगातार कम होता चला गया। रविवार सुबह 11 बजे हथिनी कुंड बैराज पर यमुना नदी में 103516 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। जबकि एक घंटे बाद दोपहर 12 बजे जलस्तर घट कर महज 60304 क्यूसेक रह गया।
दोपहर एक बजे यमुना नदी में 59577 क्यूसेक, दो बजे 38297 क्यूसेक, तीन बजे 43476 क्यूसेक, शाम चार बजे 45568 क्यूसेक पानी यमुना नदी में बहा। शाम पांच बजे बैराज पर जलस्तर 59964 क्यूसेक दर्ज किया गया। जिसमें से यमुना नदी में 41144 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ज्ञात हो कि दो दिनों से पहाड़ों में हो रही बारिश से यमुना नदी का जलस्तर 251987 क्यूसेक पर पहुंच गया था। जिससे यमुना नदी में उफान पर आ गई थी। बैराज से निकला पानी 72 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।