इनेलो पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के बड़े भाई व उसके पार्टनर पर फायरिंग करवाने वाले मुख्य आरोपी काला राणा को पुलिस अंबाला सेंट्रल जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर आई। काला राणा को कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार दोपहर बाद जिला कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से फायरिंग की वारदात में शामिल आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि बीते शुक्रवार देर शाम हुडा सेक्टर-17 स्थित अपने ऑफिस में बैठे इनेलो के पूर्व यमुनानगर विधायक दिलबाग सिंह के बड़े भाई राजेंद्र व उसका पार्टनर संजीव गुप्ता पर चार युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसमें दोनों घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी जोगिंद्र सिंह व उसके दो बेटे विरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ काला राणा व सूर्य प्रताप राणा के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपी काला राणा अंबाला जेल में बंद था। वहीं वारदात के बाद से आरोपी जोगिंद्र व बेटा सूर्य प्रताप फरार हैं। जांच में पुलिस ने पाया कि पूर्व विधायक के भाई पर हमले की साजिश जेल में ही रची गई थी। जिसके बाद मंगलवार को पुलिस काला राणा को प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर आई। दोपहर दो बजे के बाद पुलिस ने काला राणा को सिविल जज तरूण चौधरी की कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने उसे पांच दिन के रिमांड पर लिया। रिमांड पर आरोपी से फायरिंग करने वालों और साजिश रचने वाले के बारे में पूछताछ की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर में किया गया पेश
पुलिस मुख्यारोपी काला राणा को सुबह 11 बजे अंबाला से यमुनानगर लेकर आई थी। लेकिन उसे दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया। ऐसा सुरक्षा के मद्दे नजर किया गया। इससे पूर्व एमआर ग्रुप के मोनू राणा पर कोर्ट में जानलेवा हमला किया गया था। काला राणा के तार भी एमआर ग्रुप से जुड़े हुए हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए काला राणा को दोपहर बाद पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट गेट से लेकर परिसर तक पुलिस का कड़ा पहरा रहा। परिसर छावनी में तबदील हो गया था।
पूछा जाएगा फायरिंग का वास्तविक कारण
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान आरोपी से पूर्व विधायक व उसके भाई से दुश्मनी व ऐसा करने के बारे पूछताछ की जाएगी। आरोपी से हमले में शामिल लोगों के बारे भी पूछा जाएगा। बता दें कि वारदात के अगले दिन ही एसपी ने मामले की जांच सीआईए टीम को सौंप दी थी। सीआईए इंचार्ज नरेंद्र राणा के नेतृत्व में ही आरोपी काला राणा को कोर्ट में पेश किया गया।
आरोपी के भाई से हुआ था झगड़ा
काला राणा का छोटे भाई सूर्य प्रताप व उसके एक दोस्त पर कुछ समय पूर्व कमानी चौक से कुछ दूरी पर हमला कर घायल कर दिया था। जिस पर घायलों की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक के बेटे व गोली लगने से घायल राजेंद्र उर्फ राजा के बेटे पर केस दर्ज किया था। सूत्रों की माने तो पुलिस इसे भी जांच का पायदान बनाकर चल रही है।
आरोपी काला राणा को अंबाला जेल से प्रोटेक्शन वारंट पर लाया गया है। जिसके के उसे कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी काला राणा को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि गोली चलाने की साजिश किसने रची थी। गोली चलाने वाले कौन थे इसका पता किया जाएगा। उसकी फेसबुक पर अपडेट किसने की थी। पूछताछ के बाद ही वारदात के पीछे की कहानी सामने आ सकेगी।
- नरेंद्र राणा, इंचार्ज सीआईए यमुनानगर।