सीआईए पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ मलिकपुर खादर से एक चाय वाले को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के पास से पांच किलो चुरापोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपी से अन्य वारदातों को खुलासा होने की संभावना है। इसके अलावा सीआईए ने गोविंदपुरा स्थित कलकत्ता नर्सरी के नजदीक से शिवपुरी निवासी डीके को देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
सीआईए इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया सूचना मिली थी कि छछरौली क्षेत्र के गांव मलिकपुर खादर के नजदीक से एक व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचने की फिराक में है। उन्होंने दबिश देकर गांव मलिकपुर खादर के नजदीक एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए काबू किया। व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की लेकिन आरोपी व्यक्ति पुलिस के सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से पांच किला चुरा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी व्यक्ति की पहचान मलिकपुर खादर निवासी इंतजार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर लिया है।
यूपी से लेकर आता था नशीला पदार्थ
जांच अधिकारी मोहन ने बताया कि आरोपी की मलिकपुर खादर में चाय की दुकान है। वह हथनीकुंड बैराज के नजदीक उत्तर प्रदेश के गांव जंदेवडा से नशीला पदार्थ लेकर आता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह कब से यह काम कर रहा था और आरोपी आगे नशीले पदार्थ किसे बेचता था। इसके अलावा आरोपी चाय की दुकान पर भी नशीला पदार्थ बेचता था या नहीं। आरोपी से पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
देसी पिस्तौल व कारतूस के साथ शिवपुरी का डीके काबू
सीआईए पुलिस को मंगलवार देर शाम सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा स्थित कलकत्ता नर्सरी के नजदीक एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से देसी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान शिवपुरी कालोनी निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ डीके के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के आरोप में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।