छछरौली दादूपुर रोड पर दादूपुर हैड के नजदीक बाइक सवार दो बदमाशों ने फाइनेंस इंश्योरेंस कंपनी के एजेंट से 50 हजार रुपये छीन लिए। बदमाशों ने पहले बाइक सवार एजेंट को धक्का देकर नीचे गिराया। इसके बाद उसका पैसों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने देर शाम अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव खेलन निवासी कुशलपाल एसवी लाइक फाइनेंस इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट है। कुशलपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह दादूपुर क्षेत्र में इंश्योरेंस की पेमेंट लेने के लिए आया था। इस दौरान करीब 50 हजार रुपये पेमेंट एकत्रित हुई। पेमेंट और कुछ दस्तावेज एक बैग में लेकर दोपहर बाद वह दादुपुर से छछरौली की तरफ जा रहा था। दादूपुर हैड के कुछ दूर आगे मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से एक बाइक सवार दो युवक आए। आरोपियों ने उसे धक्का देकर उसे बाइक समेत नीचे गिरा दिया। इस दौरान बाइक पर पीछे सवार एक युवक ने उससे पैसे से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। वारदात के कुछ देर बाद राहगीरों की भीड़ लग गई। उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसके बयान लिए गए। पुलिस ने कुशलपाल की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ छीना झपटी का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना छछरौली प्रभारी राजीव मिगलानी का कहना है कि अज्ञात पर केस दर्जकर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
व्यक्ति के हाथ से छीना मोबाइल
यमुनानगर। अंबाला निवासी नरेंद्र कपूर ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 27 मई को रात साढ़े 11 बजे यमुनानगर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी का इंतजार कर रहा था। इस दौरान बाइक पर तीन युवक आए। जब तक वह कुछ समझ पाता आरोपी युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए। उसने आरोपितों का पीछा कर पकडने का प्रयास किया लेकिन वह भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।