Worker burnt due to falling of mud, dead body extracted after four hours of rescue
- फोटो : Yamuna Nagar
(यमुनानगर)प्रतापनगर। देवधर रोड पर गांव भूडमाजरा के समीप वीरवार को स्क्रीनिंग प्लांट पर ट्यूबवेल की खुदाई कर रहे मजदूर पर मिट्टी की ढांग गिर गई। रेस्क्यू अभियान में अर्थमूवर मशीनों की मदद से सावधानीपूर्वक मिट्टी हटाई गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के नीचे दबे मजदूर को बाहर निकाला और उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रताप नगर के अंतर्गत गांव भूडमाजरा में नया स्क्रीनिंग प्लांट लगाया जा रहा था। पानी की पूर्ति के लिए संधू स्क्रीनिंग प्लांट पर ट्यूबवेल की खुदाई की जा रही थी, जिसके लिए उत्तर प्रदेश के गांव गंदेवढ के पांच मजदूर खुदाई कार्य में लगे हुए थे। सुबह 11 बजे के करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर 35 वर्षीय फुरकान काम कर रहा था। जबकि चार अन्य बाहर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक एक साइड से मिट्टी की ढांग मजदूर पर गिर गई। जिसमें फुरकान मिट्टी के नीचे दब गया। मिट्टी की ढांग गिरते ही बाहर मौजूद मजदूरों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर स्क्रीनिंग प्लांट संचालक और आसपास काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। प्लांट मालिक ने तुरंत दो अर्थ अर्थमूवर मशीन मंगवाई और आसपास खुदाई शुरू की। कई घंटे के प्रयास के बाद मजदूर को बाहर निकाला गया। कपड़े में लपेट कर उसे डॉक्टर को दिखाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रताप नगर थाना प्रभारी बलराज ने बताया कि मजदूर के मिट्टी में दबने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मजदूर को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। दुर्भाग्य से उसे बचाया नहीं जा सका। यह इत्तेफाक हादसा है और परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।