संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। राजकीय उच्च विद्यालय मंधार में मंगलवार को रोल मॉडल कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुग्राम में आईबीएम कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात मेघा रानी ने बतौर रोल मॉडल हिस्सा लिया। मेघा रानी ने सफलता के लिए कड़ी मेहनत को जरूरी बताया।
कार्यक्रम में एएनएम राजरानी और आंगनबाड़ी वर्कर रीना रानी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया। रोल मॉडल मेघा रानी ने कहा कि किस तरह से उन्होंने मुश्किलों का सामना करते हुए अपनी पढ़ाई को जारी रखा। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखती हैं। उन्होंने बताया क्षेत्र में लड़कियों की पढ़ाई की ओर कोई ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता है। गांव की लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखने वाली छात्राओं से कहा कि अपनी पढ़ाई को जारी रखें। सफलता के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है, इसलिए मेहनत से जी न चुराए। इस अवसर पर मुख्याध्यापक विष्णु दत्त कपिल, अजय कटारिया, राकेश पांचाल, स्वीटी, गुरनाम, कुलविंद्र, प्रवीण, अजय पोसवाल, पूजा, सुशील, उमा कंबोज, जोगिंद्र आदि मौजूद रहे।