यमुनानगर। यमुनानगर के थाना गांधी नगर क्षेत्र के रामेश्वर नगर बैंक कॉलोनी से एक महिला के अपनी तीन नाबालिग बेटियों और एक अन्य महिला के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामेश्वर नगर बैंक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 32 वर्षीय पत्नी 23 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए चली गई। महिला अपने साथ तीन बेटियों 14, 11 और 7 वर्षको भी ले गई। इसके अलावा वह अपने चचेरे भाई सुनील की 18 वर्षीय पत्नी को भी साथ लेकर गई थी। परिजनों के अनुसार, महिला और बच्चों के अचानक घर से चले जाने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
चार दिन तक तलाश, नहीं मिला सुराग
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब काफी देर तक सभी घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चार दिन तक इंतजार करने के बाद भी जब महिला और बच्चों का कोई पता नहीं चला तो अंततः पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पीड़ित पति ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी पत्नी पहले भी बिना बताए घर से चली गई थी और लगभग दो माह बाद वापस लौटी थी। उसने बताया कि फिलहाल उनके रिश्ते सामान्य चल रहे थे, ऐसे में बच्चों सहित अचानक लापता होना गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस कर रही तकनीकी जांच
थाना गांधी नगर में तैनात एएसआई मशरुफ अली ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 127(6) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता को साथ लेकर संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है और रिश्तेदारों व परिचितों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला और सभी बच्चों की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।