साढौरा के नोशहरा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी कार की खिड़की अचानक खुलने से बाइक उससे टकरा गई, जिससे बाइक असंतुलित होकर नीचे गिर गई। हादसे के समय बाइक सवार महिला अपनी पोती को बचाते हुए सड़क पर गिर गई। उसने अपनी पौती को तो बचा लिया, लेकिन खुद नहीं बच पाई। पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
फाजलपुर निवासी अली नवाज ने बताया कि वह 15 साल पहले गांव फाजलपुर का सरपंच था। शनिवार को वह अपनी बाइक पर सढौरा किसी काम से जा रहा था। जब वह नोशहरा चौक सढौरा पहुंचा तो उनके गांव की शकीला अपनी दोहती नरगीर के साथ खड़ी थी। उसने उससे लिफ्ट मांगी। उसने उन्हें बाइक पर बिठा लिया। जब वे चौक से करीब 300 मीटर नोशहरा की तरफ चले तो रास्ते में सड़क किनारे आल्टो कार खड़ी थी। जैसे ही वह कार के नजदीक पहुंचे तो उसमें बैठे चालक ने पीछे देखे बिना कार की खिड़की खोल दी। टक्कर लगने से वह खिड़की में उलझ गया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी शकीला अपनी दोहती समेत सड़क पर जा गिरी। इस दौरान गिरते-गिरते महिला ने बच्ची को बचा लिया, लेकिन खुद सड़क पर सिर के बल गिर गई। इससे उसके सिर में गहरी चोट लग गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि कार चालक तुरंत मौके से फरार हो गया। लोगों की मदद से शकीला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे जगाधरी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल जितेंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।