संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुराना हमीदा में 300 रुपये न देने पर आरोपी ने महिला के पेट में कटर मारकर घायल कर दिया। आरोपी नशे का आदि है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पुराना हमीदा निवासी काजल ने बताया कि उसका पति सोनू प्लाई बोर्ड फैक्ट्री में कार्य करता है। वह शुक्रवार की देर शाम अपनी देवरानी के घर पर बैग लेने के लिए गई थी। वहां से लौटते समय पुराना हमीदा निवासी बिट्टू ने उसे रोक लिया। आरोपी उससे 300 रुपये मांगने लगा।
आरोप है कि आरोपी नशे के आदी है। वह अक्सर रुपये मांगता रहता है। उसे मना किया तो वह तैश में आ गया और गाली गलौज करने लगा। आरोपी ने जेब से कटर निकालकर उसके पेट में वार कर दिया। इस पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी भाग निकला। पुलिस ने आरोपी बिट्टू पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।