संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापा में सात दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर में कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से अलग-अलग विषयों का ज्ञान हासिल किया। समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जीवन में सकारात्मक रहना चाहिए। लक्ष्य के अनुरूप ही हमें बदलना पड़ता है। शिविर विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। बच्चों के माता-पिता को चाहिए कि वह अपने बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दें।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का कर्तव्य है कि हर बच्चे की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें तराशने का प्रयास करें। विद्यार्थियों की सफलता में अध्यापकों का बड़ा योगदान रहता है। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक, मानसिक व भावनात्मक रूप से मजबूत बनाना रहा। इस मौके पर राकेश पांचाल, सुरेश वर्मा, रजनी देवी, राजेंद्र मलिक मौजूद रहे।