जिला सचिवालय में शिकायत लेकर पहुंचे अभिभावक
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। 134-ए के तहत अलॉट हुए स्कूलों में दाखिला करवाना अभिभावकों के लिए मुश्किल हो रहा है। परीक्षा पास करने और स्कूल अलॉट होने के बाद भी कई निजी स्कूल संचालक विद्यार्थियों को दाखिला देने में आनाकानी कर रहे हैं। इससे परेशान अभिभावकों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचकर एसडीएम से गुहार लगाई।
लघु सचिवालय पहुंची महिला हरविंद्र कौर, आभा आर्य आदि ने बताया कि उनके बच्चे को 134-ए के तहत जगाधरी का एक निजी स्कूल अलॉट हुआ था, किंतु दाखिला नहीं दिया जा रहा है। अभिभावकों का कहना था कि कईं बार स्कूल मालिकों को बार-बार अलॉट हुए स्कूल के बारे में दस्तावेज भी दिखाए गए, किंतु उन्होंने दाखिला तो दूर बात करने से भी इंकार कर दिया। इसी के चलते अब उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं डीसी की अनुपस्थिति में एसडीएम जगाधरी सुशील कुमार ने समस्या सुनी और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
17.4 प्रतिशत विद्यार्थियों को ही मिला दाखिला, 15 जनवरी तक बढ़ी तिथि
नियम 134ए के तहत दाखिला प्रक्रिया निजी स्कूल संचालकों की मनमानी के कारण अटकी है। पिछले 25 दिन में केवल 17.4 प्रतिशत विद्यार्थियों के ही दाखिले हो पाए हैं, जबकि अन्य विद्यार्थी और अभिभावक भटकने को मजबूर हैं। जिनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
वहीं शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए तीसरी बार दाखिला कराने की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ा दिया है। अब 15 जनवरी तक स्कूलों में दाखिले होंगे। इधर, सरकार की ओर से मिलने वाली फीस में 200 रुपये की बढ़ोतरी होने से भी अभिभावकों को दाखिला प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जगी है।