जठलाना। मौसम ने बुधवार दोपहर बाद करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत पाई, वहीं खेतों में कटी पड़ी गेहूं भीग गई और तेज हवा से खेतों में कटाई के लिए खड़ी फसल भी नीचे गिर गई। ये देख किसानों की चिंता बढ़ गई है। उधर मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का अनुमान जताया है।
बुधवार शाम तेज हवा के साथ आई बारिश से मौसम सुहावना हो गया, पर अंतिम दौर में पहुंची गेहूं की कटाई रुक गई। देर शाम बारिश से अनाज मंडी में धीमे उठान व पर्याप्त तिरपाल का इंतजाम न होने से हजारों गेहूं के कट्टे भीग गए। मंडी में गेहूं बेचने आए गांव पोटली के महिंदर व हाफिजपुर के गुरदेव सिंह ने बताया कि मंडी में गेहूं बेचने के लिए आए थे, पर मंडी में धीमे उठान के कारण उनकी गेहूं भीग गई। प्रशासन को चाहिए कि मंडी में गेहूं के उठान व बारिश से बचाने के सही इंतजाम हों।