यमुनानगर। अनाज मंडियों में गेहूं खरीद का आंकड़ा एक लाख मीट्रिक टन को पार कर गया है। शनिवार शाम तक सभी अनाज मंडियों में 119654 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी थी। रविवार को छुट्टी होने के चलते गेहूं की खरीद नहीं की गई। इस बार मंडियों में गेहूं की खरीद पिछले साल से 9095 मीट्रिक टन ज्यादा हो चुकी है। जबकि इस बार बारिश की वजह से अनाज मंडियों में गेहूं भी देरी से पहुंचा था। शुरुआत में तो मंडियों में आवक कम रही लेकिन जैसे-जैसे तापमान में वृद्धि हो रही है मंडियों में गेहूं की आवक भी बढ़ती जा रही है। गत वर्ष पूरे सीजन के दौरान 219180 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद एजेंसियों ने की थी।
गेहूं की सबसे ज्यादा खरीद सरस्वतीनगर अनाज मंडी में 21086 मीट्रिक टन की हुई है। इससे कम रादौर अनाज मंडी में 20376 एमटी खरीद की गई है। 13 में से छह अनाज मंडियों में 10 हजार एमटी से ज्यादा गेहूं खरीदा जा चुका है। वहीं इसके विपरीत सबसे कम गेहूं यमुनानगर अनाज मंडी में केवल 87 एमटी खरीदा गया है। इसके बाद खारवन मंडी में 2272 एमटी गेहूं खरीदा गया है।
उठान की रफ्तार धीमी
अनाज मंडियों में गेहूं की आवक तो बढ़ रही है लेकिन उठान की रफ्तार बहुत धीमी है। जो गेहूं अभी तक खरीदा गया है उसमें से 42.47 प्रतिशत गेहूं का ही उठान हो पाया है। 13 अनाज मंडियों में 119654 मीट्रिक टन में से केवल 50815 मीट्रिक टन गेहूूं का ही उठान हो पाया है। मंडियों में अभी भी 76855 मीट्रिक टन गेहूं पड़ा हुआ है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 58.6 प्रतिशत, हैफेड ने 33.18 प्रतिशत व हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन ने 10.38 प्रतिशत गेहूं का उठान किया है।
-
उठान किया जा रहा है : अशोक कुमार
डीएफएससी अशोक कुमार ने बताया कि मंडियों में कुल 119654 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। अनाज मंडियों में उठान का कार्य तेजी से हो रहा है। एजेंसियों को कहा गया है कि वह उठान में तेजी लाएं।
जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद व उठान: अनाज मंडी खरीद उठान
बिलासपुर 14656 3554
छछरौली 10971 3120
गुमथला राव 3218 1782
जगाधरी 16965 9582
जठलाना 2321 1315
खारवन 2272 809
प्रतापनगर 12190 5611
सरस्वतीनगर 21086 11537
रादौर 20376 6700
रणजीतपुर 3877 1775
रसूलपुर 3186 801
साढौरा 8449 4165
यमुनानगर 87 84
कुल 119654 50815