रादौर। भारतीय किसान यूनियन की ओर से शुक्रवार को रादौर की अनाज मंडी में गेहूं की खरीद को लेकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के नेतृत्व में किसानों ने मंडी में गेहूं के कट्टों की तुलाई कर जायजा लिया। इस दौरान मंडी में किसानों ने तीन आढ़तियों की दुकानों पर गेहूं के कट्टों में निर्धारित गेहूं से अधिक गेहूं पाए जाने पर मामले की जानकारी एसडीएम रादौर नरेंद्र कुमार को दी। सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी से सचिव अमित कुमार मौके पर पहुंचे। सभी अधिकारियों की मौजूदगी में कट्टों की तुलाई की गई। इस दौरान कुछ आढ़तियों की दुकानों पर निर्धारित मात्रा से अधिक गेहूं कट्टों में पाई गई। जिस पर किसानों ने अधिकारियों से कार्रवाई करने की गुहार लगाई। किसानों की मांग पर मार्केट कमेटी की ओर से तीन आढ़तियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया।
मार्केट कमेटी सचिव अमित कुमार ने बताया कि अभी आढ़तियों को नोटिस दिए गए हैं, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भाकियू की ओर से मंडी में गेहूं की तोल कराए जाने की सूचना मिलने के बाद मंडी के आढ़तियों ने तौल बंद कर दिया था। भाकियू जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने बताया कि मंडियों में गेहूं का पूरा सीजन चल रहा है। सैकड़ों किसान हर रोज मंडी में गेहूं लेकर आते हैं। ऐसे में कुछ आढ़ती सरकार द्वारा निर्धारित गेहूं से अधिक गेहूं कट्टों में तोलकर किसानों को चुना लगाने का काम कर रहे हैं। कुछ दिन पहले कुरुक्षेत्र अनाज मंडी व करनाल में भी तौल में हेरा फेरी मिली थी। यदि किसी किसान की कट्टे में किलो या आधा किलो फालतू गेहूं तोली जाती है तो किसान को भारी नुकसान होता है। प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के आदेश पर प्रदेश की मंडियों में भारतीय किसान यूनियन की टीमें मौके पर जाकर तोल को चेक कर रही है। इसी कड़ी में जिले में भी भाकियू की पूरी टीमे गठित की गई है, जो गेहूं के सीजन के चलते मंदिरों में तैनात रहेंगी। सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपने क्षेत्र की मंडियों में जाकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में आज रादौर मंडी में जब टीम ने लगभग दस दुकानों के कांटों का तोल चेक किया तो कुछ आढ़तियों की दुकानों पर हेराफेरी पाई गई। इसकी शिकायत प्रशासन को दी गई है। मौके पर एसडीएम रादौर को बुलाकर जांच कराई। साथ में मार्केट कमेटी की पूरी टीम भी साथ रही। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार की तरफ से उनके खिलाफ कार्रवाई बनती है, वह अमल में लाई जाएगी। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष नंबरदार दीप राणा, मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र कांबोज चमरौडी, जिला महासचिव रविंद्र पाल सिंह, मनमोहन सिंह औजला, प्रचार मंत्री कुलविंद्र सिंह सिद्धू, जिला सचिव विनोद डांगी, उपाध्यक्ष साहिल सेतिया नंबरदार, रमेश ढिल्लो, पवन अलाहर, मदनलाल कांजनु, पवन गोयल दामला, पलाका सरपंच बलबीर सिंह मौजूद रहे।
-