यमुनानगर। मौसम ने बुधवार रात सवा 12 बजे अचानक करवट ले ली। अचानक तेज आंधी चलने लगी और बारिश भी हुई।
इस दौरान व्यासपुर, साढौरा व छछरौली, प्रतापनगर में बारिश से अनाज मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखी गेहूं बारिश में भीग गया और बोरियों के नीचे पानी जमा हो गया।
सबसे ज्यादा गेहूं व्यासपुर अनाज मंडी में भीगा। यहां गेहूं को ढकने के लिए आढ़तियों के पास पर्याप्त तिरपाल तक नहीं थी।
वीरवार सुबह के समय मजदूर झाडू लगाकर बोरियों के नीचे जमा पानी को निकालने में जुटे रहे। मंडियों में अब तक 108329 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है और मंडियों से 42735 एमटी गेहूं की उठान हुई है। अभी 65594 एमटी गेहूं बकाया है।
जानकारी के अनुसार दो दिनों से जिले में बादल छाए हुए थे। बुधवार शाम को मौसम साफ हो गया था। परंतु रात सवा 12 बजे अचानक तेज हवा चलने लगी। जिससे धूल का गुबार छा गया और बिजली चमकने लगी। कुछ ही देर में बारिश होने लगी।
तेज हवाओं के चलने से बिजली भी गुल हो गई और खेतों में खड़ी फसल बारिश से भीग गई है। हालांकि वीरवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने व तापमान में बढ़ोतरी होने से किसानों को राहत मिली है। अब शुक्रवार, शनिवार तक कटाई फिर से शुरू हो सकती है।
108329 मीट्रिक टन गेहूं की हो चुकी है खरीद ः जिले की सभी 13 अनाज मंडियों में अनाज मंडियों में कुल 108329 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
जिसमें से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 42048 मीट्रिक टन, हैफेड ने 56352 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयरहाउस काॅर्पोरेशन ने 9929 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। व्यासपुर अनाज मंडी में 15157 मीट्रिक टन गेहूं, छछरौली मंडी में 11917 मीट्रिक टन, गुमथला राव मंडी में 2823 मीट्रिक टन, जगाधरी मंडी में 15323 मीट्रिक टन, जठलाना मंडी में 1588 मीट्रिक टन, खारवन मंडी में 313 मीट्रिक टन, प्रतापनगर मंडी में 11679 मीट्रिक टन, सरस्वतीनगर में 20607 मीट्रिक टन, रादौर में 11610 मीट्रिक टन, रणजीतपुर मंडी में 4619 मीट्रिक टन, रसूलपुर मंडी में 4048 मीट्रिक टन, साढौरा मंडी में 8525 मीट्रिक टन तथा यमुनानगर मंडी में 120 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है।