रादौर में रामा नर्सिंग होम के पास जमा बारिश का पानी। संवाद
रादौर। क्षेत्र में मंगलवार शाम हुई बारिश ने नगरपालिका की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में नाले ओवरफ्लो हो गए और बरसाती पानी सड़कों पर जमा हो गया।
इससे वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी रामकुमार, चरण सिंह, शीशपाल, मनीष, सोनू, राजकुमार और राकेश ने बताया कि नगर पालिका की ओर से लाखों रुपये खर्च कर नालों और नालियों को सीवरेज से जोड़ने का काम किया गया था। पहले बरसात का पानी नालियों के जरिये आसानी से निकल जाता था।
नगरपालिका की ओर से हर वर्ष नालों की सफाई पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद बारिश होते ही जलभराव की समस्या सामने आ जाती है। नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि जहां जलभराव की समस्या सामने आई है, वहां ठेकेदार को भेजकर तत्काल समाधान करवाया जाएगा। संवाद