संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कस्बे के आंबेडकर नगर में श्री गुरु रविदास मंदिर के आसपास के घरों में एक सप्ताह से पेयजल संकट गहराया है। बिना पानी के लोग गर्मी में बेहाल हो गए हैं। लोगों का कहना है कि वह मंदिर में लगे सबमर्सिबल से पानी लेकर किसी तरह काम चला रहा है।
लोगों का आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय और ऑनलाइन भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। कर्मचारी उकह रहे हैं कि वह ऑनलाइन शिकायत क्यों कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
आंबेडकर नगर निवासी गुलशन, मुकेश कुमार, रामपाल, रोशन, जोनी, जगिंद्र सिंह, अमरजीत, टोनी, रानी, रिंकी, परमजीत कौर, बलिंद्र, जसविंद्र, भूषण ने बताया कि एक सप्ताह से 300 से ज्यादा लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। बिना पानी के सब परेशान हो गए हैं। एक तो इतनी गर्मी हो रही है और उन्हें पानी भी नहीं मिल रहा। बिना पानी के घरों के सारे काम प्रभावित हो गए हैं।
उन्हें मंदिर में लगे सबमर्सिबल से पानी लेना पड़ रहा है। लोगों के घरों की छतों पर रखी पानी की टंकियां भी खाली पड़ी हैं। इसकी शिकायत कई दिनों से वह जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में कर रहे हैं, लेकिन कोई भी सुनने वाला नहीं है। चार दिन से हर रोज कर्मचारी आते हैं और चक्कर काट कर चले जाते हैं। कर्मचारियों ने यह कहा था कि वह गली में खोदाई करके लाइन की जांच करेंगे, लेकिन चार दिन से आज तक किसी ने इसकी जांच नहीं की। पशुओं को भी यहां-वहां से लाकर पानी पिलाना पड़ रहा है।