संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन की बैठक हुई। बैठक संगठन मंत्री कश्मीरी लाल के नेतृत्व में हुई। जिसमें लंबित मांगों के समाधान को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ रोष जताया। वहीं, मांगें पूरी न करने पर संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
कश्मीरी लाल ने कहा कि नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन को 30 अप्रैल को एक मांग पत्र सौंपा था। जिस पर उन्हें सफाई कर्मचारियों की मांगें जल्दी पूरा करने का आश्वासन दिया था। परंतु अभी तक मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया है। न ही इसे लेकर संगठन नेताओं से चर्चा की गई है। जिससे सफाई कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी को 13 मई मांग पत्र दिया था। परंतु उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि सफाई कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का समाधान न किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। प्रधान मनोज ने कहा सरकार सफाई कर्मचारियों से वादा खिलाफी कर रही है। इस दौरान सचिव अंकुश, प्रचार सचिव राजेश कुमार, मुख्य सलाहकार श्याम चंद गोलनी, उप प्रधान सुखदेव, उपाध्यक्ष बलदेव, ऑडिटर जितेंद्र कुमार, उपप्रधान अशोक कुमार, चेयरमैन राजपाल सहित अन्य मौजूद रहे।