यमुनानगर। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की आपातकालीन बैठक सोमवार को यूनियन कार्यालय में प्रधान पपला की देखरेख में आयोजित हुई। इस दौरान मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रशासन को पहले मांग पत्र और दो बार स्मरण पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई वार्ता नहीं की गई। संघ ने 18 फरवरी 2026 को नगर निगम प्रशासन के अड़ियल रवैये के विरोध में आंदोलन का नोटिस भी दिया था, इसके बावजूद बातचीत शुरू नहीं हुई।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर प्रदर्शन, गेट मीटिंग, उल्टा झाड़ू प्रदर्शन और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में रमेश कुमार, जनक राज, सनी, रमन, संजीत, बलदीप और संजय गहलोत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।