संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। डीएवी कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों की ओर से पहाड़ीपुर गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को पर्यावरण बचाने के बारे में जागरूक किया गया। इसी दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर रैली भी निकाली गई।
एनएसएस प्रभारी डॉ. योगेश सिंह मोहन ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह योगाभ्यास, दोपहर वक्ताओं के भाषण एवं गांव में जनसंपर्क तथा शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। एनएसएस प्रभारी डॉ. गुरमेज सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक केपी सिंह ने स्वयंसेवकों को विद्यार्थी जीवन में नैतिक मूल्य पर आख्यान दिया। इस दौरान उन्होंने विशेष तौर पर स्वामी दयानंद द्वारा स्थापित आर्य समाज के भारतीय जनमानस के जागरण में निभाए गए जा रहे महत्वपूर्ण सहयोग पर प्रकाश डाला। गांव पेंसिल के सरपंच नीलकमल संधू ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों से खेती-बाड़ी से लेकर पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों पर जानकारी साझा की।
जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल संधू ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव और उनके द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान से अवगत कराया। डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि कैंप के दौरान स्वयंसेवक आत्मनिर्भरता, नैतिकता, व कर्मठता का पाठ सीख रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कॉलेज की दोनों एनएसएस यूनिट की सराहना की।