संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में बढ़ते अपराध को लेकर सोमवार को छोटी लाइन पर चेकिंग अभियान चलाया। इसमें बुलेट से पटाके चलाने, कार में लगी काली जाली के अलावा मुंह ढक कर गुजरने वाले मनचले लड़कों के पहचान के बाद बाइक, कार के चालान किए गए।
शहर में पिछले दिनों हो रही फायरिंग के मामले में पुलिस भी गंभीर है। साढ़ौरा क्षेत्र में आईलेट्स सेंटर के मालिक के घर फायरिंग के मामले में पुलिस ने फायरिंग करने वाले बदमाश को काबू किया, उसी दिन देर शाम को मॉडल टाउन के पास ज्वेलर्स शोरूम पर भी तीन नकाबपोश युवकों ने कई राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
बताया जा रहा है कि मॉडल टाउन में फायरिंग करने के बाद नकाबपोश युवकों ने लाडवा में भी फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। जिसके चलते यमुनानगर एसपी कमलदीप गाेयल ने पुलिस को दिशा निर्देश दे रखे हैं कि किसी भी सूरत में बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। थाना शहर प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि छोटी लाइन के पास बने दो कॉलेजों में हजारों लड़कियां पढ़ने आती हैं इससे यहां पर सुबह से ही मनचले लड़कों का आना जाना लगा रहता है।
कॉलेज रोड पर मनचले लड़के बुलेट, बाइक पटाखे, व काली जालियां लगी होने से संदेह के घेरे में डालते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि कॉलेज रोड पर शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।