यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई। आरोपी चोरी की बाइक लेकर कलानौर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के पांच प्राथमिकी दर्ज हैं जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर कलानौर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर नाकाबंदी करते हुए वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोक कर जांच की तो उसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान शिव कॉलोनी निवासी अंकुश के रूप में हुई। आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह बाइक 24 मार्च को थापर कॉलोनी से चोरी की थी।