यमुनानगर। प्रेमिका उमा के हत्यारोपी बिलाल का रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस ने वीरवार को आरोपी को दोबारा से कोर्ट पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी बिलाल की निशानदेही पर उमा का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त छुरा, स्विफ्ट कार, उमा के कपड़े और आरोपी के पहने हुए कपड़े बरामद कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार 6 दिसंबर को प्रेमिका उमा की हत्या के बाद से ही आरोपी बिलाल फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। गिरफ्तार करने के बाद सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी बिलाल टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर मामले को अदालत में मजबूती से रखा जाएगा। उधर, सीआईए टू के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी का रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद