छछरौली। क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर के जंगल में गोकशी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
हरियाणा-हिमाचल प्रदेश बॉर्डर से सटे वन विभाग के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर गोरक्षा दल के सदस्य, ग्रामीण और गोभक्त मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके से पुलिस ने गाय के अवशेष, मीट, खाल, मुंह और खुर बरामद किए। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। बाद में गोरक्षा दल और पुलिस की मौजूदगी में गोवंश के अवशेषों को मिट्टी में दबाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है।
गोरक्षा दल के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव इब्राहिमपुर निवासी मुस्तकीम और गांव जाटावाला निवासी सलीम कथित रूप से गोकशी कर गोमांस की सप्लाई करते हैं।
आरोप है कि शुक्रवार रात इब्राहिमपुर गांव के जोहड़ के पास जंगल क्षेत्र में गोकशी की गई। कुछ मांस बाइक पर ले जाया गया, जबकि बाकी अवशेष मौके पर ही छोड़ दिए गए। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। गोरक्षा दल के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जंगल क्षेत्र में लगातार गोकशी की घटनाएं बढ़ रही हैं। संवाद