जगाधरी। बूड़िया चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम में दो युवकों ने डेबिट कार्ड बदलकर शादीपुर निवासी अली हसन के खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर संदेश आने पर उसे धोखाधड़ी का पता चला। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादीपुर निवासी अली हसन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका खाता सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक शाखा शादीपुर में है। उसके पास डेबिट कार्ड भी है। सात दिसंबर को वह बूड़िया चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम में रुपये निकालने के लिए गया। यहां पर वह रुपये निकालने लगा लेकिन मशीन से रुपये नहीं निकले। इसी दौरान वहां पर दो युवक भी खड़े थे। उन्होंने मदद के बहाने उसे बातों में उलझा लिया और डेबिट कार्ड ले लिया। इन युवकों ने डेबिट कार्ड मशीन में डाला और पासवर्ड पूछा। इसके बाद भी रुपये नहीं निकले तो डेबिट कार्ड वापस कर दिया। जिसे जेब में डालकर वह वहां से निकल गया।
थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर दो बार में दस-दस हजार रुपये व एक बार में पांच हजार रुपये निकलने के संदेश आए। यह देख वह आश्चर्यचकित रह गया। उसने इस बारे में बैंक में पता किया तो जानकारी मिली कि उसका डेबिट कार्ड बदला हुआ है। आरोप है कि एटीएम बूथ में मिले युवकों ने मदद करने के बहाने उसका धोखे से डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 25 हजार रुपये निकाले है। इस शिकायत पर शहर जगाधरी थाना पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।