यमुनानगर। ताई का दवा दिलाने जा रहे युवक से मारपीट कर दो बदमाशों ने बाइक लूट ली। इस दौरान बदमाशों ने महिला को भी बाइक से नीचे उतार कर धक्का दिया और बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर के गांव तेलीपुरा रामपुर मनिहारन निवासी रवि कुमार ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी में रहता है। रविवार को वह अपनी ताई को दवा दिलाने के लिए बाइक पर पुराना हमीदा से सहारनपुर जा रहा था। वह बाइक चला रहा था, उसकी ताई पीछे बैठी थी। जब वह पांसरा के नजदीक पहुंचे तो पीछे सक एक कार आई। आरोपी चालक ने उनके आगे कार अड़ाकर उन्हें रोक लिया। कार से दो युवक निकले। इससे पहले वह कुछ समझ पाते आरोपी युवकों ने उसकी ताई को बाइक से उतार कर धक्का दे दिया और उसे भी बाइक से उतार दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उससे मारपीट की और उसकी बाइक लूट ली। एक युवक उसकी बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरा युवक अपनी कार में भाग गया। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।