संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवतियों से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप छछरौली निवासी मोहित कुमार व बैंक कॉलोनी निवासी अजय कुमार पर लगा है। गांधी नगर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बलाचौर गांव निवासी पूजा रानी ने बताया कि बीते वर्ष उसके मामा मोती बाग बैंक कॉलोनी निवासी अजय कुमार उर्फ नीटू ने उसे व उसकी रिश्तेदार आचल को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी लगवाने की बात कही थी। तब उसके मामा ने उन्हें छछरौली के पीर गायब मोहल्ला निवासी मोहित कुमार से मिलवाया।
आरोपी ने उन्हें बताया कि वह उन्हें हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी पर लगवा देगा। इसके लिए आरोपी ने उनसे एक लाख 50 हजार रुपये की मांग की।
आरोपी ने तब उन्हें एक शपथपत्र भी लिखकर दिया कि यदि वह उनकी नौकरी नहीं लगवा पाया तो उनके पूरे रुपये वापस कर देगा। शपथ पत्र में नौकरी न लगने पर कानूनी कार्रवाई करवाने की भी बात लिखी हुई थी। आरोपी पर विश्वास करके उसने व उसकी रिश्तेदार आचल ने आरोपी को 12 दिसंबर 2024 तक एक लाख 50 हजार रुपये दे दिए।
नौकरी न लगने पर जब उन्होंने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसने उन्हें डेढ़ लाख रुपये का एक चेक दिया। जो बैंक में लगाते ही बाउंस हो गया। बाद में आरोपी ने उन्हें रुपये देने से साफ मना कर दिया। परेशान होकर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाना प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि मामले में आरोपी मोहित व अजय कुमार पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।