संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एक युवती ने जगाधरी निवासी बलविंद्र उर्फ विंद्र पर दुष्कर्म, विदेश भेजने के नाम पर 64 हजार रुपये ठगने, ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ बॉयफ्रेंड की होटल में वीडियो होने की बात कहकर ब्लैकमेल कर उससे गलत काम किया। आरोप है कि ठगी में आरोपी बलविंद्र की पत्नी हरप्रीत कांबोज भी शामिल है। महिला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बूड़िया थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 2024 में कॉलेज से स्नातक की है। आगे की शिक्षा वह विदेश जाकर करना चाहती थी। उसका भाई पहले से कुवैत में है। उसके भाई को जगाधरी निवासी बलविंद्र ने विदेश भेजा था। इसी भरोसे पर उसने ने भी बलविंद्र व उसकी पत्नी से शिक्षा ग्रहण करने के लिए विदेश जाने को संपर्क किया।
बलविंद्र ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसे स्टडी वीजा पर मॉरीशस भेज देगा। आरोपी ने खर्च छह लाख रुपये का खर्च बताया। उसने नवंबर 2024 में 50 हजार रुपये आरोपी को एडवांस व अपने दस्तावेज दे दिए। इसके बाद उसने अलग अलग कर 14 हजार रुपये और आरोपी को दे दिए। लेकिन रुपये देने के बाद आरोपी ने उसे विदेश भेजने से संबंधित कोई काम नहीं किया। आरोपी उनसे गांव से दूध, सब्जी आदि मंगवाते रहे।
तीन अप्रैल को वह सब्जी और लहसुन देने आरोपी बलविंद्र के घर गई। उस समय वह घर पर अकेला था। आरोपी ने उसे कहा कि उसके पास उसकी व उसके बॉयफ्रेंड की होटल की वीडियो है। जब वह आरोपी का विरोध कर वहां से चलने लगी तो आरोपी उसे जबरन पकड़कर कमरे में ले गया। जहां आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। किसी को कुछ बताने पर आरोपी ने उसके भाई को कुवैत में ही मरवाने की धमकी दी।
साथ ही होटल की वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर बदनाम करने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने आरोपी बलविंद्र व उसकी पत्नी पर दुष्कर्म, ठगी करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 351(2), 64(1), 77 के तहत केस दर्ज कर लिया है।