यमुनानगर। मंगलवार को वार्ड नंबर 12 में 32.69 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास के साथ ही क्षेत्रवासियों को लंबे समय से लंबित पक्की गलियों के निर्माण की सौगात मिली।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि कामी माजरा क्षेत्र में हिमालय फैक्टरी से मोसीम के घर तक 16.65 लाख रुपये की लागत से पक्की गली बनाई जाएगी। वहीं शारदा कॉलोनी में अनमोल के घर से श्याम लाल के घर तक 16.04 लाख रुपये की लागत से गली निर्माण होगा। दोनों परियोजनाओं पर कुल 32.69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा हो और गुणवत्ता मानकों से समझौता न किया जाए।
मेयर ने कहा कि पक्की गलियों के निर्माण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के मौसम में कीचड़ व जलभराव जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी। वार्ड 12 में गली निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही थी।