यमुनानगर। सीआईए-एक की टीम ने दो झपटमार गिरफ्तार किए हैं। दोनों को कैल के पास नवनिर्मित हाईवे पर सीआईए टीम ने घेरेबंदी कर मंगलवार की सुबह पकड़ा। इस दौरान पुलिस को देखकर भागन के प्रयास दोनों बाइक सहित हाईवे पर गिर गए। दोनों की टांगों में चोटें आई। सीआईए टीम ने दोनों को यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल से छुट्टी मिलने पर सीआईए टीम दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी। रिमांड मिलने पर पुलिस अन्य साथियों व अंजाम दी गई झपटमारी व अन्य वारदात के बारे में पूछताछ करेगी। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान गांव अमादलपुर निवासी फिरोज व आशिक के रूप में हुई।
दोनों पर 23 सितंबर को गांव खारवन में प्लाईवुड फैक्टरी के कर्मचारी विक्की को चाकू मारकर लॉकेट लूटने का आरोप हैं। सीआईए-एक के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि फिरोज व आशिक पहले भी कई वारदात में संलिप्त रह चुके हैं, जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है। अभी दोनों बाइक से गिरकर घायल होने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने पर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ में अन्य खुलासे हो सकें।