टिवनसिटी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। वीरवार को कोरोना के दो मामले आए है। एक व्यक्ति रोडवेज कर्मचारी हैं, जिससे रोडवेज कर्मचारियों के दिलों की धड़कने भी बढ़ गई हैं। वहीं पंचकूला में भर्ती वृद्ध की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है।
जिलाधीश मुकुल कुमार ने बताया कि कोविड -19 के चलते अब तक जिले में कुल 155 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिनमें से 26 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। बुधवार देर रात को दो नए कोरोना के मरीज आए हैं, जिनमें 43 वर्षीय पुरुष चको माजरी खदरी का रहने वाला है, जो कि हरियाणा रोडवेज का कर्मचारी है। वहीं दूसरा 25 वर्षीय पुरुष मनोहर कालोनी का रहने वाला है, जो बिहार से आया है। दोनों कालोनियों की गलियों को सील कर कंटोनमेंट जोन घोषित कर दिया है। वहीं डीसी ने बताया कि वीरवार को 64 वर्षीय पुरूष यमुनानगर निवासी ओजस हस्पताल पंचकूला से कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। अब जिला यमुनानगर में कोरोना के 33 सक्रिय मरीज है, जिनमें सात सक्रिय मरीज बाहर अन्य स्थानों के हैं। सिविल सर्जन डा.विजय दहिया ने बताया कि वीरवार को कोविंड -19 टेस्टिंग टीम द्वारा 150 सैंपल लिए गए हैं और अभी तक कुल 10,161 सैंपल ले लिए गए हैं। जिनमें से 9375 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है तथा 649 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। उन्होंने कहा कि सभी छह फीट की सामाजिक दूरी यानि सोशल डिस्टेंस बनाए रखें। थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन से अपने हाथों को अच्छी तरह से 20 सैकंड तक अवश्य धोए। यदि हाथ गंदे न भी हो तब भी हाथों को थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन के साथ अच्छी तरह धोए। वहीं सीएचसी प्रताप नगर की हैल्थ टीम द्वारा कलेसर सब सेंटर से 42 मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। हैल्थ टीम द्वारा कलेसर, ममदूबास, फैजपुर गांव के बीमार लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। सीएचसी प्रताप नगर की हेल्थ टीम द्वारा बुधवार को कलेसर सब सेंटर से जुड़े गांवों के रोगियों की जांच की गई। आशा वर्कर के सहयोग से घर घर जाकर विभिन्न रोगों खांसी, जुखाम, बुखार, बीपी आदि के रोगियों को सब सेंटर पर बुलाकर सैंपल लिए गए।