यमुनानगर। बुडिया थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन के विवाद को लेकर फिर दोनों पक्षों में जमकर झगड़ा हुआ। विवादित जमीन पर कोर्ट ने स्टे लगाई हुई है। मारपीट में एक पक्ष की जहां तीन महिलाएं घायल हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के छह लोगों को गंभीर चोट लगी है। मारपीट में घायल हुए दोनों पक्षों के नौ लोगों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के छह लोगों और दूसरे पक्ष की शिकायत पर पहले पक्ष के दस लोगों पर मारपीट की विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पहला पक्ष
खेत में काम कर रहे थे, तभी किया हमला
रामपुर खादर निवासी उर्मिला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी गांव में ही 24 कनाल जमीन है। जिसकी हमने कोर्ट माध्यम से रजिस्ट्री करवाई थी। जमीन पर उनका ही कब्जा है। मंगलवार को वो अपनी पुत्रवधू सीमा व बेटी रजनी के साथ खेत में काम कर रही थी। देर शाम करीब सात बजे गांव का ही सुदेश, उसका भाई रमेश, रमेश का बेटा अंग्रेज व सुनील, अमित व प्रवीण हाथों में डंडे व गंडासियां लेकर आए। आरोपियों ने आते ही उन तीनों पर हमला कर दिया। इसमें वे तीनों घायल हो गईं। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसके बेटे सतीश ने उन्हें अस्पताल में भर्ती पहुंचाया। जहां उनका उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी सुदेश, रमेश, अंग्रेज, सुनील, अमित, प्रवीन पर केस दर्जकर लिया है।
दूसरा पक्ष
खेत में घूमने जा रहे थे, रास्ते में रोककर किया हमला
रामपुर खादर निवासी सुदेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। मंगलवार शाम को वह अपने परिचित प्रवीन कुमार, उसकी पत्नी वीना देवी, अमित कुमार की पत्नी रूबी शर्मा व उसकी बहन कृष्णा, परीक्षा व शिवम के साथ खेतों में घूमने जा रहे थे। रास्ते में गांव ही उर्मिला, उसकी बेटी रजनी, सुरेशो, निशा, उसकी पुत्रवधू सीमा देवी, सोनिया, बेटा सतीश, सुरेश व पति सावन राम रास्ते में खड़े हुए मिले। आरोपी उस जमीन पर खड़े हुए थे, जिस जमीन को लेकर उनका कोर्ट में केस चल रहा है। जैसे ही वे उनके पास से निकलने लगे तो उन्होंने हमला बोल दिया।
आरोपियों ने रूबी व वीना को नीचे गिराकर मारपीट शुरू कर दी। जब उसने व प्रवीण ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी कुल्हाड़ी, सरियों व डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उसे, परिवार की रूबी, वीना, अंग्रेज, शिवम, प्रवीण को चोट पहुंची। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने मामले में सावन राम, उसके बेटे सतीश, सुरेश, पत्नी उर्मिला, बेटी रजनी, सुरेशों, निशा, पुत्रवधू सीमा देवी, सोनिया व अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बुडिया थाना प्रभारी लज्जाराम का कहना है कि दोनों पक्षों का जमीन का विवाद है। कोर्ट ने जमीन पर स्टे लगाई हुई है। जमीन को लेकर ही दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों की शिकायत आई थी। दोनों पर कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।