यमुनानगर। नहर में डूबे पांच युवकों में से दो के शव मंगलवार को बरामद हुए, जबकि तीन शव पहले ही निकाले जा चुके थे। पांचों युवक 15 मई को उस समय नहर में डूबे थे जब नहाते समय अचानक कुछ बाइक सवारों ने उन पर हमला बोल दिया था। इस दौरान बचाव के लिए नहर में कूदने पर आरोपियों ने उन पर ईंट पत्थर भी बरसाए थे। मंगलवार को नहर से निकाले गए शव की शिनाख्त अलाउद्दीन और सन्नी के रूप में हुई, जबकि इससे पहले साहिल, सुलेमान और निखिल का शव मिला था।
घटनाक्रम के अनुसार रविवार को जगाधरी अनाज मंडी में मुख्यमंत्री की प्रगति रैली थी। इसी रैली में पांचों युवक पांच अन्य साथियों संग गए थे, जहां पुरानी रंजिश में एकबार फिर आरोपियों से उनका आमना-सामना हुआ, जो वारदात की वजह बनी।
शांति कॉलोनी निवासी दीपक ने पुलिस को दिए बयानों में बताया है कि वह गंगानगर कॉलोनी निवासी अलाउद्दीन, सुलेमान, साहिल, रवि, ईशू, निखिल, सन्नी व विजय कॉलोनी निवासी शौकीन के साथ सीएम की रैली में गए थे। रैली में आरोपी भी पहुंचे थे, जिनसे अलाउद्दीन और सुलेमान की पहले से रंजिश थी। रैली के दौरान ही आरोपी बार-बार घूर रहे थे, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। फिर वापस लौटकर वे साथियों संग पश्चिमी यमुनानगर में बूड़िया के पास नहाने के लिए रुके थे। तभी गंगानगर कॉलोनी निवासी आरोपी भरतू, विजय कॉलोनी निवासी गौरव, मनी राणा, पव्वा, गौरव उर्फ गौरू, बैंक कॉलोनी निवासी अजरू, लुक्का वाल्मीकि, शांति कॉलोनी निवासी शम्मी, हनुमान गेट निवासी अमन राणा व संदीप पंडित आदि अपने साथियों के साथ बाइकों पर आए और हमला बोल दिया। इस दौरान जान बचाने के लिए पांच लोग नहर में कूद गए थे, जिसके बाद आरोपियों ने ईंट-पत्थर बरसाए और पांचों डूबकर लापता हो गए। गोताखोर राजीव कुमार के मुुताबिक मंगलवार को अलाउद्दीन का शव नहर में उतराता मिला, जबकि सन्नी का शव पश्चिमी यमुना नहर के अंदर गिरे सफेदे के पेड़ में फंसा हुआ था। दोनों शव मिलने की सूचना पर बूड़िया थाना एसएचओ लज्जा राम व परिजन मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया।
पश्चिमी यमुना नहर से पांचों युवाओं के शव निकाले जा चुके हैं। इनमें चार शवों का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है, मगर मंगलवार की शाम को मृतक सन्नी का शव मिलने के चलते पोस्टमार्टम नहीं हो पाया, जो बुधवार को होगा। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- लज्जाराम, एसएचओ, बूड़िया थाना।
Two more bodies found who jumped into the canal to save their lives in the attack- फोटो : Yamuna Nagar