यमुनानगर। 13 साल की मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गांधी नगर थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी की पहचान ममीदी निवासी नूर मोहम्मद व दूसरे आरोपी की पहचान बिलासपुर निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों ने सोनू को रुपये देकर किशोरी से नवाब कॉलोनी निवासी पूजा उर्फ शालू के मकान में गलत काम किया था। दोनों आरोपियों को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। उधर, आरोपी सोनू को चार दिन व उसकी पत्नी रीटा उर्फ रिया को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि कई बार एक दिन में किशोरी से दो लोगों की भी मुलाकात करवाई गई थी। पूछताछ में इन्होंने दुष्कर्म करने के आरोपी अमन व नूर मोहम्मद के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें देर शाम काबू किया। रिमांड के दौरान आरोपी दंपती से किशोरी से दुष्कर्म करने वाले अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस के रडार पर दस लोग और बताए जा रहे हैं।
ये था मामला
किशोरी के पिता ने गांधीनगर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पड़ोस में रिया उर्फ रीटा व उसका पति सोनू किराये के मकान में रहता थे। व्यक्ति ने बताया था कि वह प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता है और पत्नी भी लोगों के घरों में काम करती है। बेटी ने मां को बताया था कि जब आप व पिता काम पर चले जाते थे, तब पड़ोस की किराये पर रह रही रिया उर्फ रीटा व उसका पति सोनू उसे बाइक पर घुमाने के बहाने अलग-अलग जगह ले जाते थे, जहां अलग-अलग लड़कों से गलत काम कराया गया। 12 अप्रैल को दिक्कत महसूस होने पर जब बेटी ने रीटा से फोन पर बात की, तब उसने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है, मैं दवाई दे दूंगी। साथ ही बेटी को इस बारे में किसी को बताने पर माता-पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। इसी डर से बेटी चुप रही और अब दिक्कत होने पर उसकी आपबीती से सारा मामला खुला। इस शिकायत पर पुलिस ने मामले में आरोपी दंपती को नामजद करते हुए अन्य पर दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था।
गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी दंपती से पूछताछ की जा रही है। मामले में शनिवार शाम किशोरी से दुष्कर्म करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।