संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। स्कूल से छुट्टी कर घर लौटी शिक्षिका पटरी मोहल्ला जगाधरी निवासी प्रभजीत कौर से बाइक सवार दो बदमाश बैग छीन कर फरार हो गए। बैग में आईफोन, 4000 रुपये, स्कूल के दस्तावेज व अन्य सामान था। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभजीत कौर ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एसडी पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है। दोपहर को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह एक्टिवा पर अपने घर लौट रही थी। उसने घर के सामने एक्टिवा रोकी और अंदर जाने लगी। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसके कंधे पर लटका बैग झपट लिया। बैग में उसका आईफोन, स्कूल के दस्तावेज, 4000 रुपये व अन्य सामान था।
शोर मचाने पर परिवार व आसपास के लोग एकत्रित हुए। उन्होंने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। बाइक पर नंबर लिखा हुआ था, लेकिन वह नोट नहीं कर पाए। उसके बैग पर अंग्रेजी भाषा में विक्टोरिया सिक्रेट लिखा हुआ था। सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा का कहना है कि अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।