संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कनाडा भेजने के नाम पर आजाद नगर निवासी तरुण सेठी से दो लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप कुरुक्षेत्र के जोगना खेड़ा गांव निवासी अशोक कुमार, रवि कुमार व अमर चंद पर लगा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
तरुण सेठी ने बताया कि स्नातक करने के बाद वह विदेश में जाकर नौकरी करने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी अशोक कुमार, रवि कुमार व अमर चंद से हुई। आरोपियों ने उसे बताया कि उनका द ग्लैंस ओवरसीज नाम से कार्यालय है। जहां वे युवाओं को विदेश भेजकर रोजगार दिलाने का काम करते है।
उसने आरोपियों से कनाडा जाकर नौकरी करने की बात की। आरोपियों ने उसे कनाडा भेजकर नौकरी दिलाने का कुल आठ लाख रुपये खर्च बताया। दो लाख रुपये पहले और बाकी रुपये विदेश जाने के बाद देने की बात तय हुई। उसने अलग अलग कर आरोपियों को दो लाख रुपये दे दिए। आरोपी अशोक कुमार ने 22 अगस्त को व्हाट्सएप के माध्यम से उसे आवेदन फार्म भेजा और उसे बताया कि उसकी कनाडा की फाइल लग चुकी है।
इसके बाद आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। वह आरोपियों के कार्यालय गया। वहां आरोपियों ने उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। रुपये मांगने पर आरोपियों ने उसे धमकी दी। परेशान होकर इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।