संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में वर्कशाॅप रोड महाराणा प्रताप चौक से आईटीआई के नजदीक स्थित भगवान परशुराम चौक तक दो दिनों तक सड़क को वन-वे रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने ऐसा लोकसभा चुनाव के लिए आईटीआई में बनाए गए स्ट्रॉग रूम को लेकर लिया गया है।
आईटीआई से सभी पोलिंग पार्टियों को ईवीएम 24 मई को दी जाएंगी। वहीं 25 जून को मतदान खत्म होने के बाद ईवीएम यहीं पर जमा की जाएंगी। भारी वाहनों के दो दिनों तक आईटीआई की तरफ जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हालांकि बाइक व कार आदि को ही आने जाने की अनुमति दी जाएगी।
जिला पुलिस के प्रवक्ता सब इंस्पेक्टर चमकौर सिंह ने बताया कि 24 मई सुबह से 25 मई की रात तक महाराणा प्रताप चौक (कमानी चौक) से वर्कशाप रोड परशुराम चौक तक ट्रैफिक वन वे रहेगा। इन दोनों दिन इस मार्ग पर बिना किसी काम के न निकले। हलके वाहन जा सकेंगे। भारी वाहनों के जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए पुलिस ड्यूटी भी लगाई गई है।
लोग वैकल्पिक मार्ग से सफर कर सकते हैं। लोकसभा चुनाव के चलते यह निर्णय लिया गया है। इसी मार्ग से ईवीएम को लाने ले जाने का काम होगा। डयूटी पर लगे हजारों कर्मचारी इस मार्ग का प्रयोग करेंगे। ऐसे में आमजन को दिक्कत न आए इसके चलते सड़क को वन-वे करने का निर्णय लिया गया है। किसी भी तरह की जानकारी के लिए ट्रैफिक एसएचओ के मोबाइल नंबर 8818000133 पर फोन कर सकते हैं।