संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सेक्टर-17 के रेडक्रॉस भवन के पीछे पार्किंग में खड़ी दो कारों में मंगलवार की सुबह करीब सात बजे आग लग गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
कार के मालिक रोहित सहगल व नरेश खुराना ने बताया कि वह सोमवार की शाम के समय कार को पार्किंग में खड़ी कर घर चले गए थे। पार्किंग में लगभग 40 से 50 गाड़ियां खड़ी होती है सुबह कार में आग लगने की सूचना सैर करने वाले राहगीरों ने दी। मौके पर जाकर देखा तो कार धू-धू कर जल रही थी।
नरेश, रोहित व अन्य ने बताया कि यहां पर सफाईकर्मी कूड़े को एकत्रित कर उसमें आग लगा देते हैं, ऐसा रोजाना हो रहा है। मंगलवार को कर्मचारियों ने सफाई कर सूखे पत्तों में आग लगा दी जिसकी वजह से आग धीरे-धीरे कार तक पहुंच गई और आग लग गई। वहीं दमकल कर्मचारियों ने बताया कि सूचना मिलते वह तुरंत मौके पर पहुंचे।
आग की लपटे देख एक गाड़ी जगाधरी से भी बुलानी पड़ी। गनीमत रही कि पेट्रोल टैंक में आग नहीं लगी, अन्यथा ब्लाॅस्ट भी हो सकता था। पीड़ितों व हुड्डा निवासियों ने बताया कि जब कार में आग लग रही थी तब वहां पर कुछ लोग भी बैठे थे और अपने मोबाइल से रील बनाते रहे। आग लगने के बाद अगर यह लोग मिट्टी और रेत डाल देते तो कार बच जातीं।