संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर ठगों ने मोबाइल पर बैंक का एप हैक करके रटौली निवासी अंकिता के बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
रटौली निवासी अंकिता ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती दो फरवरी को उसके मोबाइल पर संदेश आया कि आपके पास इंडसइंड बैंक की ऐप को कोई खोलना चाहता है। जिसमें एक ओटीपी था। इस संबंध में उसने इंडसइंड बैंक की शाखा में शिकायत की थी। उसी रात उसके मोबाइल पर 15-20 ओटीपी आए। इस पर उसने टोल फ्री नंबर पर कॉल किया।
तीन फरवरी को उसके मोबाइल पर उसके बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकलने का संदेश आया। यह देख वह हैरान रह गई। उसे शक है कि अज्ञात साइबर ठगों ने उसकी इंडसइंड बैंक की एप इंसड मोबाइल हैक करके उसके बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकाले है। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक बलवंत सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।