यमुनानगर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल फायरिंग का आरोपी हर्ष। संवाद
- फोटो : samvad
यमुनानगर। जठलाना क्षेत्र में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाइवुड फैक्टरी पर हुई फायरिंग के मामले में अपराध शाखा टू की टीम ने कांजनू पुल के पास बदमाशों के साथ मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया।
डीएसपी टू रजत गुलिया ने बताया कि अपराध शाखा टू के इंचार्ज राकेश कुमार की टीम काफी समय से इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी कांजनू पुल के पास देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान करीब पांच राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान कुरुक्षेत्र के सिंहेड़ी खालसा निवासी हर्ष के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और उसे सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, दूसरे आरोपी अभिषेक को भी मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी दिलबाग सिंह की फैक्टरी पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। इस मामले में आरोपियों के गांव का अमन उर्फ काकू पहले ही मुठभेड़ में घायल हो चुका है, जिसका इलाज जारी है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके गैंग नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। संवाद