प्रतापनगर। बल्लेवाला जोन क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालकों का धरना प्रदर्शन बुधवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि दर्जनों संचालक रेत-बजरी सप्लाई से जुड़े अपने रोजगार को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
करीब 20 दिनों से काम पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
धरना दे रहे वाहन चालकों राहुल गांव जयधर, लक्की जगाधरी, मांगा सैनी दमोपुरा और अनुज तेलीपुरा ने बताया कि वे वर्षों से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से रेत-बजरी सप्लाई का कार्य करते आ रहे हैं। यह उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। अचानक काम बंद होने से घरों में आर्थिक तंगी बढ़ गई है। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और कर्ज की किस्तें चुकाना मुश्किल हो गया है। वे हमेशा नियमों का पालन करते आए हैं और आगे भी करेंगे लेकिन प्रशासन द्वारा काम रोकने से सैकड़ों परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो 29 जनवरी को वे सामूहिक रूप से उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रशासन को सौंप देंगे। धरने के दौरान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर संचालक नारेबाजी करते रहे। संवाद