यमुनानगर। कलानौर के पास लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खदान में पलट गई। लकड़ियों के नीचे दबने से ट्रैक्टर ट्रॉली चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लकड़ियों के नीचे से निकाला।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोजा खेड़ी गांव निवासी 36 वर्षीय विहान के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। भोजा खेड़ी गांव निवासी रिहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई विहान करीब दस साल से ट्रैक्टर ट्रॉली से लकड़ी लोड करने का काम करता था। शुक्रवार तड़के उसका भाई विहान कलानौर से ट्रैक्टर ट्राली को लकड़ी लोड करके लक्कड़ मंडी मंडौली जा रहा था।
उसके पीछे बाकी लोग भी ट्रैक्टर ट्राली लेकर जा रहे थे।थोड़ी दूर चलने पर अचानक से उसकी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खदान में उतर गई। ट्रैक्टर नीचे की तरफ था तो ऐसे में ट्राॅली की सारी लकड़ी के लट्ठे विहान के ऊपर गिर गए। काफी संख्या में लकड़ी गिरने के कारण वह उनके नीचे दब गया। हादसे के बाद पीछे आ रहे अन्य ट्रैक्टर ट्राॅली चालकों व मजदूरों ने कड़ी मशक्कत से उसे लकड़ियों के नीचे से निकाला लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था।
रिहान ने बताया कि विहान के पास चार लड़कियां हैं। जिनमें सबसे बड़ी 10 साल, उससे छोटी आठ, छह व सबसे छोटी बेटी पांच साल की हैं। तीन बच्चियां स्कूल जाती है।
सबसे छोटी का हाल ही स्कूल में दाखिला कराना था। विहान की मौत से इन चारों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घर में ईद उल-अजहा की तैयारियां चल रही थी। अचानक इस दुर्घटना ने ईद की खुशियों को मातम में बदल दिया है। संवाद