व्यासपुर। राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल की एनएसएस यूनिट एक एवं दो द्वारा शनिवार को एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलवामा बलिदान दिवस पर देश के बलिदानी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। एनएसएस स्वयंसेवकों ने शहीदों की याद में चित्रकला, स्लोगन लेखन तथा देशभक्ति गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने भारत माता के वीर सपूतों को याद करते हुए भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
मुख्य अतिथि प्राध्यापक राजीव ग्रोवर ने विद्यार्थियों को बताया कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। उन्होंने स्वयंसेवकों को आत्मनिर्भर बनने, समाज सेवा करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।