संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। खेल विभाग की ओर से भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) की आवासीय खेल अकादमी के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसके लिए खेल विभाग की ओर से 20 जुलाई को लड़कों के ट्रायल लिए जाएंगे। ट्रायल तेजली खेल परिसर स्थित भारोत्तोलन हॉल में सुबह नौ बजे से शुरू होंगे।
जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि ट्रायल में 12 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा और मौके पर ही उनका पंजीकरण किया जाएगा। चयन प्रक्रिया अंबाला मंडल के खेल उपनिदेशक के नेतृत्व में गठित समिति की ओर से कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। इनमें आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं कक्षा की अंकतालिका अथवा प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा संबंधित शिक्षण संस्थान से जारी बोनाफाइड प्रमाण पत्र शामिल हैं।
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके खिलाड़ियों को विभागीय नियमों के अनुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
चयनित खिलाड़ियों के लिए आवासीय खेल अकादमी के छात्रावास में रहना अनिवार्य होगा। छात्रावास में रहने और भोजन की व्यवस्था खेल विभाग की ओर से निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि खिलाड़ी बेहतर माहौल में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। हालांकि विद्यालय आने-जाने का खर्च खिलाड़ियों को स्वयं वहन करना होगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि आवासीय अकादमी का उद्देश्य जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। ट्रायल संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए खिलाड़ी भारोत्तोलन प्रशिक्षक जोगेश कुमार से संपर्क कर सकते हैं।