संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोट कलसिया में खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से परिवहन योजना का शुभारंभ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खंड शिक्षा अधिकारी राणा ने योजना के बारे में बताते हुए कहा कि आसपास के गांव से बच्चों को बस भेज कर स्कूल में लेकर आने व छोड़ने का कार्य किया जाएगा। परिवहन योजना से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र में परिवहन के वाहनों की कमी के चलते ज्यादातर छात्राएं स्कूल छोड़ने पर मजबूर हो जाती हैं। बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते सरकार द्वारा परिवहन योजना का चलाई जा रही है।
इस परिवहन योजना में बस कोट, मुबारकपुर, दौलतपुर, शहजाद वाला गांव की तरफ से आने वाले बच्चों को लेकर आएगी। परिवहन योजना के मौके पर कोट कलसिया प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से जो बच्चे गर्मी सर्दी में पैदल चलकर स्कूल आते थे। परिवहन योजना से बच्चों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर सरपंच रणधीर, दिलशाद, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमजान, उपाध्यक्ष राधिका, एसएमसी सदस्य आदि मौजूद रहे।