जगाधरी। राजकीय स्कूलों में एक किमी से अधिक दूरी तय कर पढ़ने आ रहे विद्यार्थियों को विभाग की ओर से यातायात की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग की ओर से परिवहन सुविधा देने की तैयारी है। इसके लिए निदेशालय ने दूर से आने वाले विद्यार्थियों की जानकारी मांगी है। नए सत्र की शुरुआत में ही सुविधा देने की योजना है। निदेशालय की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारी के नाम पत्र जारी किया है। यह सुविधा पहली से 12 तक विद्यार्थियों को मिलेगी।
निदेशालय की ओर से अभी यह सुविधा वर्ष 2023 में शुरू की गई योजना में चयनित खंड के विद्यार्थियों को दी जाएगी। योजना के तहत जिले से इसके लिए छछरौली खंड का चयन किया गया था। इसके अनुसार विभाग की ओर से 15 अप्रैल से पहले पूरा ब्योरा देने के आदेश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थी काफी दूर से स्कूल आते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को ऑटो, रिक्शा या निजी वाहनों से स्कूल आना-जाना पड़ता है। ज्यादा परेशानी छात्राओं को होती है। दिक्कत के चलते छात्राओं सहित अन्य विद्यार्थी स्कूल छोड़ने पर मजबूर न हों, इसलिए सभी राजकीय स्कूलों से विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा देने की योजना है। इसे लागू करने के लिए स्कूलों से ऐसे विद्यार्थियों का एमआईएस पोर्टल पर ब्योरा मांगा गया है, जो एक किलोमीटर की दूरी से स्कूल आ-जा रहे हैं। ऐसे विद्यार्थियों के नाम, स्कूल व रूट मैप का डाटा स्कूलों को देना है, जिससे स्कूलों को परिवहन सुविधा के लिए खर्च राशि दी जा सके। सत्र के शुरुआत में ही डाटा जुटाए जाने से विद्यार्थियों के साथ शिक्षक को उम्मीद है अगले माह से ही परिवहन सुविधा मिलने लगेगी।
राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक संजय, प्रदीप, विमल ने बताया कि स्कूलों में शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। बहुत विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनके स्कूल से काफी दूरी पर घर हैं। ऐसे में उन्हें कई किलोमीटर का सफर कर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। इस बीच विद्यार्थियों के साथ उन्हें स्कूल छोड़ने व वापस घर लेकर आने में अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभाग से मांग है कि जल्द विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा मुहैया करवाई जाए। विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी एसएमसी की होगी। इसके लिए वाहन की उपलब्धता, इसकी निगरानी व भुगतान भी संबंधित स्कूल की एसएमसी करेगी। संवाद
वर्जन
राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा देने के लिए छछरौली खंड में योजना शुरू की जा रही है। निदेशालय की ओर से विद्यार्थियों का ब्योरा मांगा गया है। शुरुआत में यह छछरौली खंड में चलाई जा रही है। इस पर काम किया जा रहा है। जल्द ही विद्यार्थियों को सुविधा मिलने लगेगी।
-प्रेमलता, जिला शिक्षा अधिकारी।
-